पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र पर दर्ज किया गैर इरादतन हत्या का केस
उत्तर प्रदेश कुशीनगर से खबर है कि बकरे की मौत से खफा बुजुर्ग को कमरे में बंद करने के दौरान हुई मौत के मामले में मुकदमा दर्ज
कुशीनगर। दुदही क्षेत्र में बकरे की मौत से बौखलाए पिता-पुत्र ने चार हजार रुपये हर्जाने के लिए एक बुजुर्ग पर इतना दबाव बनाया कि उसकी मौत हो गई। मामले में पिता-पुत्र सहित तीन पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने एक को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार दुदही नगर पंचायत के वार्ड नंबर-10 श्रीराम जानकी नगर निवासी सुभाष को अपने बकरे का बंध्याकरण कराना था। इसके लिए वह तीन दिन पहले नंबर तीन के निवासी 62 वर्षीय मुस्लिम हाशमी को अपने घर ले गया और बंध्याकरण कराया। शनिवार को उस बकरे की मौत हो गई। हाशमी की पत्नी समशुन का आरोप है कि सुभाष अपने बेटे सुनील के साथ गोला बाज़ार में आया और हाशमी को पकड़कर अपने घर ले गए। इस दौरान एक कमरे में बंद कर दिया। वहां बकरे के बदले चार हजार रुपये मांगने लगे। उसके कुछ देर बाद उनके पति की मौत हो गई। मौत के बाद आनन-फानन शव को एक ठेले पर लदवाकर घर भेजवा दिया। सूचना पर तमकुहीराज के सीओ सीओ जितेंद्र सिंह कालरा और विशुनपुरा के थानाध्यक्ष गिरिजेश उपाध्याय मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपी पिता सुभाष, उसके पुत्र सुनील और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि हाशमी को मरे हुए बकरे को देखने के लिए बुलाकर लाया गया था। उसे देखते ही वह गिर गए और उनकी मौत हो गई।















