जनकल्याणकारी शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, योजनाओं की जानकारी से रूबरू हुए नागरिक

जनकल्याणकारी शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, योजनाओं की जानकारी से रूबरू हुए नागरिक

संतकबीरनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को विकास भवन स्थित डीपीआरसी परिसर में जनकल्याणकारी शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश की ग्राम्य विकास राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, भाजपा जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। प्रदर्शनी का उद्देश्य इन योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के 9 वर्ष की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने स्वरोजगार और ग्रामीण विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार युवाओं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया। सूचना विभाग ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनपद की विकास गाथा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई। कृषि विभाग ने प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित कर किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लाभ बताए। वहीं उद्योग एवं कृषि विभाग के लाभार्थियों को टूलकिट, सिलाई मशीन, प्रशस्ति पत्र और प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। संस्कृति विभाग के कलाकारों ने लोकगीतों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, प्रबुद्धजन एवं आम नागरिक शामिल हुए।

Previous articleपुलिस महकमे में आंशिक फेरबदल, आभा सिंह बनीं सीओ कैंट एसएसपी ने जारी किए आदेश, अरुणकुमार एस को मिली सीओ लाइन की जिम्मेदारी
Next articleजनता दर्शन में डीएम दीपक मीणा ने सुनीं जनसमस्याएं, मौके पर दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here