मुहर्रम को लेकर पैकोलिया थाने में पीस कमेटी की बैठक, शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील

मुहर्रम को लेकर पैकोलिया थाने में पीस कमेटी की बैठक, शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील

 

बस्ती। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को थाना पैकोलिया परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने की। इसमें क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ताजियादारों, मोहर्रम कमेटी के पदाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में सीओ स्वर्णिमा सिंह ने कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुरूप मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ताजिया जुलूस और अखाड़ों का संचालन केवल पूर्व निर्धारित एवं परंपरागत मार्गों से ही किया जाएगा। किसी भी नई परंपरा या नए मार्ग की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। कहा कि फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर) या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक भावना भड़काने वाली पोस्ट साझा न करें। ऐसे मामलों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीओ ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सभी समुदायों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।

बैठक में उपस्थित लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया तथा पर्व को परंपरागत ढंग से मनाने का संकल्प व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

पीस कमेटी की बैठक में थाना पैकोलिया पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ताजियादार एवं विभिन्न समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Previous articleडीएम ने स्थायी गौ आश्रय स्थल बढ़या ठाठर का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश
Next article18-19 जून को प्राकृतिक खेती पर महाअभियान, किसानों को मिलेगी समृद्धि की नई राह

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here