महुली थाने में नए मेस का उद्घाटन, व्यवस्था से खुश हुए एसपी संदीप कुमार मीना
महिला कांस्टेबल से कराया उद्घाटन, थाने की स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार
संतकबीरनगर। महुली थाना परिसर में पुलिस कर्मियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्मित नए मेस का मंगलवार को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की मौजूदगी में उद्घाटन किया गया। नारी सशक्तीकरण का संदेश देते हुए एसपी ने मेस का उद्घाटन महिला कांस्टेबल ममता यादव से कराया।
उद्घाटन के बाद एसपी ने थाना परिसर का निरीक्षण किया और साफ-सफाई, अनुशासन तथा फरियादियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि महुली थाने में बेहतर कार्य संस्कृति और सुव्यवस्थित वातावरण दिखाई दे रहा है, जो आमजन और पुलिसकर्मियों दोनों के लिए सकारात्मक संदेश देता है।
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि थानाध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय द्वारा पुलिस कर्मियों के लिए नए मेस की आवश्यकता बताई गई थी। मेस के निर्माण से अब जवानों को भोजन और अन्य सुविधाओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे उनकी कार्यक्षमता और मनोबल में वृद्धि होगी।
थाना परिसर की स्वच्छता, रखरखाव और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं से संतुष्ट होकर एसपी ने महुली थाना पुलिस को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को इसी तरह जनहित और अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान एसपी ने थाना परिसर में वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को पौधरोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन असद महताब ने किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र, थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश पाण्डेय, थानाध्यक्ष धनघटा दिलीप सिंह, शोभनाथ मिश्र, मनीष जायसवाल, अशोक सिंह, जयहिंद, आनंद कुमार दूबे, अरविंद यादव, सुनील सिंह, अजीत कुमार, पुष्पा यादव, पूजा चौहान, अनीता पाण्डेय, ललिता यादव, अन्नू, मुस्कान, पल्लवी सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।















