नाथनगर में विश्व नर्स दिवस धूमधाम से मनाया गया, सेवा और समर्पण का दिया संदेश
संतकबीरनगर। एसआर हॉस्पिटल एंड पैरामेडिकल कॉलेज, नाथनगर में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में आधुनिक नर्सिंग की जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्मदिवस पर उनके अतुलनीय योगदान को याद करते हुए नर्सिंग छात्राओं को सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूर्या ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन डा0 उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि फ्लोरेंस नाइटिंगेल, जिन्हें “लेडी विद द लैंप” के नाम से जाना जाता है, ने नर्सिंग सेवा को नई पहचान दी। उन्होंने क्रीमिया युद्ध के दौरान घायल सैनिकों की रातभर सेवा कर मानवता की मिसाल पेश की। डॉ. चतुर्वेदी ने छात्राओं से उनके सेवाभाव और अनुशासन को अपनाने का आह्वान किया।
एसआर ग्रुप ऑफ कॉलेज के एमडी राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि नर्सिंग केवल पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है। उन्होंने छात्राओं को मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती, संस्थापक पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी एवं फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन से हुई। नर्सिंग छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाई और कैंडिल जलाकर विश्व नर्स दिवस मनाया। साथ ही सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ भी ली।
इस अवसर पर प्रिंसिपल विनय पटेल, मनोज पांडेय, दुर्गेश गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















