अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर श्रमवीरों का सम्मान, विधायक गणेश चौहान ने बढ़ाया उत्साह
संतकबीरनगर। अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में “श्रमवीर गौरव समारोह 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया, जिसमें ‘श्रमेव जयते’ की भावना को साकार करते हुए श्रमिकों के सम्मान, अधिकार और उनके योगदान को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित जनपद के कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रमिक भाई-बहनों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर मुख्यमंत्री के विचारों को सुना और उनसे प्रेरणा प्राप्त की।
विधायक गणेश चौहान ने अपने संबोधन में श्रमिकों को श्रम विभाग के अंतर्गत उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण एवं नवीनीकरण कराने के लिए जागरूक किया। उन्होंने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं—कन्या विवाह सहायता, मातृत्व एवं शिशु सहायता, मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता—के साथ-साथ ई-श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना एवं नेशनल पेंशन योजना (ट्रेडर्स) की जानकारी विस्तार से दी।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को फूल-मालाओं से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा मिष्ठान वितरण कर उनके योगदान के प्रति सम्मान प्रकट किया गया। श्रमिक जनजागरूकता संगोष्ठी में वेतन भुगतान अधिनियम 1936, न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948 और उत्तर प्रदेश दुकान एवं वाणिज्य अधिष्ठान अधिनियम 1962 जैसे महत्वपूर्ण श्रम कानूनों की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में जिला उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष श्रवण अग्रहरी, मनरेगा मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष ताल बहादुर, उपायुक्त मनरेगा प्रभात द्विवेदी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मनोज कुमार सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं श्रमिक उपस्थित रहे। अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।















