रायबरेली को मिली नई मजबूत कमान : IAS सरनीत कौर ब्रोका ने संभाला जिलाधिकारी का कार्यभार

रायबरेली को मिली नई मजबूत कमान : IAS सरनीत कौर ब्रोका ने संभाला जिलाधिकारी का कार्यभार

रायबरेली। नवागंतुक जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने आज कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार में औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। सरनीत कौर ब्रोका ने साफ शब्दों में कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना, पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करना तथा जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान उनके कार्यकाल का मुख्य उद्देश्य रहेगा।

उन्होंने जोर दिया कि जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और आमजन की हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा।

कार्यभार ग्रहण के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट का भी विस्तृत निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।सरनीत कौर ब्रोका 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। मूल रूप से मध्य प्रदेश की निवासी, उन्होंने आईएएस में आने के बाद आगरा, गोरखपुर, बस्ती और उन्नाव जैसे जनपदों में अपनी सेवाएं दी हैं। कार्यभार ग्रहण से पहले वे निदेशक, बाल विकास एवं पुष्टाहार (आईसीडीएस एवं स्टेट न्यूट्रिशन मिशन) के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत थीं। उनकी कार्यशैली सख्त लेकिन संवेदनशील मानी जाती है। पारदर्शिता, जवाबदेही और फील्ड में जाकर समस्याओं का समाधान करना उनकी पहचान है।

नई जिलाधिकारी के आने से रायबरेली जिले में विकास कार्यों, योजना क्रियान्वयन और प्रशासनिक सुधार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सरनीत कौर ब्रोका का कार्यकाल जनहितैषी और विकासोन्मुखी रहने की संभावना है।

उनके कार्यभार ग्रहण के अवसर पर कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। यह बदलाव उत्तर प्रदेश शासन द्वारा हाल ही में किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा है, जिसमें कई जिलों के जिलाधिकारियों का स्थानांतरण हुआ है।

 

Previous articleजल जीवन मिशन में रायबरेली की सराहना, डीएम हर्षिता माथुर सम्मानित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here