फर्जी शादी के झांसे में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार

फर्जी शादी के झांसे में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार

 

गोरखपुर। थाना चिलुआताल पुलिस ने शादी का झांसा देकर लोगों को बुलाकर फर्जी विवाह कराने और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर बंधक बनाकर रंगदारी वसूलने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 6 अभियुक्तों और 1 अभियुक्ता समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 

इनके कब्जे से 1,66,600 रुपये नकद, 2 कूटरचित पुलिस परिचय पत्र और 2 आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष चिलुआताल सुरज सिंह के नेतृत्व में की गई। 

गिरफ्तार आरोपियों में अंकुर सिंह, राजू शर्मा, धीरेन्द्र यादव उर्फ टुनटुन, रवि चौधरी, मुन्ना जायसवाल, नवमी शर्मा तथा अभियुक्ता शैला देवी शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना चिलुआताल में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह पहले अन्य राज्यों के लोगों को लड़की की फोटो भेजकर शादी का झांसा देता था। इसके बाद उन्हें गोरखपुर बुलाकर फर्जी शादी कराई जाती थी। मौके पर गिरोह के सदस्य खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों को बंधक बना लेते थे और झूठे मामलों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलते थे। 

एक मामले में राजस्थान के कोटा सिटी निवासी पीड़ित से 3,11,600 रुपये की रंगदारी वसूली गई थी। इस संबंध में थाना अनन्तपुरा (कोटा) में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला गोरखपुर स्थानांतरित हुआ था। 

मुख्य सरगना अंकुर सिंह पर हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। 

गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष सुरज सिंह के साथ उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, चंदन नारायण, विनय कुमार सिंह, राकी जायसवाल, विकास यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। 

Previous articleकलेक्ट्रेट व एमपी पॉलिटेक्निक में निर्माणाधीन भवनों का डीएम-एसएसपी ने किया गहन निरीक्षण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here