आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों में देरी पर मंडलायुक्त सख्त, गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश
गोरखपुर। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने जिलाधिकारी दीपक मीणा के साथ महायोगी गुरु गोरक्षनाथ आयुष विश्वविद्यालय, भटहट का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का कार्य मात्र 60 प्रतिशत ही पूरा हुआ है, जिस पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई।
मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था मेसर्स विजय निर्माण कंपनी को फटकार लगाते हुए सख्त निर्देश दिए कि बार-बार समय सीमा बढ़ाने की प्रवृत्ति बंद की जाए और ऑडिटोरियम का कार्य शीघ्र तथा उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। इसके बाद पंचकर्म कियोस्क सहित अन्य अधूरे कार्यों का भी निरीक्षण किया गया।
समीक्षा बैठक में कुलपति प्रो. के. रामचंद्रा रेड्डी ने जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था, बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल, लिफ्ट, पाथ-वे के पास नालियों पर कवर, मलबा हटाने, एडमिन बिल्डिंग की मरम्मत, मार्चरी और गेस्ट हाउस के अधूरे कार्यों की ओर ध्यान आकर्षित किया।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने कार्यदायी संस्था और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सभी लंबित कार्य जल्द पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। विशेष रूप से छात्रावास को 24 घंटे के भीतर पूरी तरह क्रियाशील करने का आदेश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
इस दौरान समीक्षा बैठक में कुलसचिव अजीत कुमार जायसवाल सहित कार्यदायी संस्था और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता मनीष कुमार भी उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त के सख्त रुख से निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जगी है, ताकि विश्वविद्यालय जल्द से जल्द पूर्ण रूप से क्रियाशील हो सके।















