फर्जी IAS बनकर शादी रचाने वाला प्रीतम निषाद गिरफ्तार, अब तक 25 शादियों का आरोप
गोरखपुर। गोरखपुर की एक युवती से खुद को मणिपुर कैडर का IAS अधिकारी बताकर शादी रचाने वाले शातिर आरोपी प्रीतम निषाद को कैंट पुलिस ने मंगलवार को जालौन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को गुमराह कर शादियां करता था और अब तक उस पर 25 शादियों का आरोप है।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने पुलिस लाइन के व्हाइट हाउस में प्रेस वार्ता कर बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगी हुई थी। आरोपी की लोकेशन जालौन के कालपी रेलवे स्टेशन के पास मिली, जहां से उसे दबोच लिया गया। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, टैबलेट और आधार कार्ड बरामद किया गया है।
पूछताछ में प्रीतम निषाद ने स्वीकार किया कि वह केवल हाईस्कूल पास है और कभी IAS की तैयारी नहीं की। वह फर्जी पहचान बनाकर लोगों पर रौब जमाता था और शादी के नाम पर ठगी करता था। गोरखपुर में 11 मार्च को उसने एक युवती से शादी की थी। शादी के अगले दिन जब वह पत्नी को लेकर इटावा पहुंचा, तब लड़की पक्ष के परिजन भी वहां पहुंच गए और सच्चाई सामने आने पर हंगामा हो गया।
परिजनों ने बताया कि प्रीतम की पहली शादी औरैया जिले के दौलतपुर गांव में हुई थी, जिसका अभी तक तलाक नहीं हुआ है। इसके बावजूद उसने दूसरी शादी कर ली। उसकी चचेरी बहन रश्मि ने बताया कि शादी के दौरान किसी को शक नहीं हुआ, लेकिन बाद में विवाद खड़ा हो गया। परिवार का आरोप है कि प्रीतम अब तक 25 शादियां कर चुका है और हर जगह फर्जी IAS अधिकारी बनकर धोखा देता था।
पीड़ित युवती के पिता, जो शारीरिक रूप से अस्वस्थ हैं, ने कहा, “इसने मेरी बेटी की जिंदगी बर्बाद कर दी। फर्जी IAS बनकर पैसे ऐंठे और हमारी बेटी को धोखा दिया। हम इसे किसी भी हाल में सजा दिलाकर रहेंगे।”
कैंट थाने में आरोपी प्रीतम निषाद, उसकी बहन, जीजा और अन्य सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है। यदि अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो उनके आधार पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि इस तरह के फर्जीवाड़े और ठगी के मामलों पर पुलिस की सख्ती जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि किसी भी व्यक्ति की पहचान की पुष्टि बिना किए उस पर भरोसा न करें, खासकर शादी जैसे गंभीर मामले में।















