100 ग्राम प्रधान सम्मानित: टीबी मुक्त गांवों के लिए मिला गौरव, 25 पोषण पोटलियां वितरित

100 ग्राम प्रधान सम्मानित: टीबी मुक्त गांवों के लिए मिला गौरव, 25 पोषण पोटलियां वितरित

 

संतकबीरनगर। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव एवं अपर जिलाधिकारी न्यायिक चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 

कार्यक्रम में वर्ष 2025 में जनपद की 112 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया, जिसमें 29 पंचायतों को सिल्वर और 83 को ब्रॉन्ज प्रमाण-पत्र मिला। इन सभी टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को महात्मा गांधी की प्रतिमा और टीबी मुक्त पंचायत का प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अमित कुमार सिंह ने सभी का स्वागत किया। अपर जिलाधिकारी चन्द्रशेखर सिंह ने बताया कि यह उपलब्धि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन, ग्राम प्रधानों और टीबी कार्यक्रम के कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि 112 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने की यह उपलब्धि ‘टीबी मुक्त भारत’ लक्ष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर 25 क्षय रोगियों को पोषण पोटलियां वितरित कर उन्हें गोद लिया गया। साथ ही जनपद में 100 दिवसीय सघन टीबी मुक्त भारत अभियान का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष बलराम यादव द्वारा मोबाइल मेडिकल वैन को हरी झंडी दिखाकर किया गया।

अपर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि टीबी के लक्षण जैसे दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, वजन घटना या कमजोरी महसूस होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। समय पर जांच, पूर्ण उपचार और जागरूकता ही टीबी उन्मूलन का सबसे प्रभावी उपाय है।

इस मौके पर जिला कार्यक्रम समन्वयक अमित आनंद, लेखाकार रामबास विश्वकर्मा और जिला क्षय रोग केंद्र के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous articleएनआईसी परिसर में गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह
Next articleबकाया भुगतान को लेकर आशा बहुओं का डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन, एसीएम के समझाने पर समाप्त हुआ धरना

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here