वाल्टरगंज में महिला हत्या का सनसनीखेज खुलासा: किरायेदार अभिषेक ने गला दबाकर की हत्या, शव ट्रैक पर फेंक दुर्घटना दिखाई
बस्ती। थाना वाल्टरगंज पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम बस्ती की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला की क्रूर हत्या का पर्दाफाश हो गया है। अभियुक्त ने मृतका का गला दबाकर हत्या की और शव को गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर फेंककर दुर्घटना का रूप दिया था। पुलिस ने मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर मृतका का मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 6 मार्च 2026 को गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर एक महिला का शव मिला था। प्रारंभ में इसे रेल दुर्घटना माना गया। 21 मार्च को मृतका के पति ने तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा संख्या 60/2026 धारा 103(1), 238(क) बीएनएस दर्ज किया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और त्रिनेत्र अभियान के तहत जुटाए गए सुरागों के आधार पर 22 मार्च को अटरा पुल के पास अभिषेक श्रीवास्तव पुत्र विजय बहादुर लाल श्रीवास्तव (उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी पिकौरा, थाना गौर) को गिरफ्तार किया गया।
बरामदगी में शामिल हैं मृतका का ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल, घटना में प्रयुक्त रायडर मोटरसाइकिल (UP51-BM9779), अभियुक्त के दो मोबाइल और 650 रुपये नगद।
पूछताछ में अभिषेक ने कबूल किया कि वह मृतका के मकान में रहने वाले किरायेदार अश्वनी गुप्ता की दुकान पर मुनीम था। मृतका के पति 14 वर्ष से पैरालाइसिस से ग्रस्त थे, बेटा नशेड़ी था और बेटी शादीशुदा थी। अभिषेक मृतका की मदद करता था, जिससे घनिष्ठ संबंध बन गया। नवंबर 2025 में उसने मृतका की सिद्धार्थनगर में स्थित 2 बीघा जमीन 19.50 लाख में लिखवाई, लेकिन केवल 3.50 लाख दिए और 16 लाख बाकी रख लिए।
पैसे मांगने पर दबाव बढ़ा तो 5 मार्च को अभिषेक ने मृतका को फोन कर लखनऊ में पैसा देने का बहाना बनाया। शाम करीब 7 बजे बड़ेवन के पास बुलाकर मोटरसाइकिल पर बैठाया। गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के पास पेशाब के बहाने उतारा और पीछे से गला दबाकर हत्या की। शव को ट्रैक पर लिटाकर दुर्घटना दिखाई। कपड़े जला दिए और मोबाइल फेंक दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष शशांक कुमार सिंह, प्रभारी स्वाट/सर्विलांस उ0नि0 शेषनाथ यादव, उ0नि0 कृष्ण कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रमेश यादव, पवन तिवारी, मृत्युंजय कुशवाहा, कांस्टेबल किशन सिंह, अभिलाष प्रताप सिंह, सुभेन्द्र तिवारी, देवेश यादव, संतोष, मिथुन कन्नौजिया और शैलेन्द्र यादव शामिल रहे।















