राजकुमार चौहान हत्याकांड का बड़ा खुलासा: 5 और आरोपी गिरफ्तार, साजिश का पूरा खाका सामने

राजकुमार चौहान हत्याकांड का बड़ा खुलासा: 5 और आरोपी गिरफ्तार, साजिश का पूरा खाका सामने

 

गोरखपुर। चिलुआताल क्षेत्र में भाजपा नेता व प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार चौहान की क्रूर हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए 5 और आरोपियों को दबोच लिया है। एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने प्रेस वार्ता में बताया कि यह हत्या गहरी रंजिश, सुनियोजित साजिश और आपराधिक गठजोड़ का नतीजा है।

 

एसएसपी ने बताया कि 17 मार्च सुबह करीब 6:15 बजे राजकुमार चौहान पर अज्ञात हमलावरों ने हमला किया। उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर थाना चिलुआताल में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

 

जांच में घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज से दो संदिग्ध राज चौहान उर्फ निरहू और विपिन यादव की पहचान हुई, जिन्हें पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बातचीत से पता चला कि मुख्य आरोपी राज उर्फ निरहू की सबसे अधिक बातचीत दीपक गौड़ से हुई। 12 और 14 मार्च की कॉल में हत्या की साजिश के स्पष्ट संकेत मिले। लालजी यादव उर्फ गट्टू ने भी घटना से पहले और बाद में आर्थिक-मानसिक सहयोग दिया।

14 मार्च को भी हत्या का प्रयास किया गया था, लेकिन मौका नहीं मिला। 17 मार्च को योजना के तहत वारदात अंजाम दी गई। शेषनाथ यादव और उसके परिवार की भी साजिश में अहम भूमिका रही। 2023 में उनके परिवार के सदस्य पर गोली चलने और होली विवाद के चलते मृतक से गहरी रंजिश थी। इसी रंजिश के चलते शेषनाथ, उसके पुत्र अंकित, देवव्रत समेत अन्य आरोपियों ने दीपक गौड़ और लालजी यादव के साथ मिलकर साजिश रची।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि रंजिश के चलते राजकुमार चौहान को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई। राज चौहान उर्फ निरहू ने हत्या कराई। घटना के बाद साक्ष्य मिटाने की भी साजिश रची गई। खून से सने कपड़े टीपर वाहन में छिपाए गए, जिसे बाद में जला दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टीपर वाहन (UP 53 LT 9553) सीज किया और जले हुए कपड़ों की राख बरामद की। कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनमें साजिश के महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं।

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि अब तक मुख्य आरोपी सहित कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाल अपचारी को किशोर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अन्य नामजद और प्रकाश में आए आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल किसी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस की विभिन्न टीमें सक्रिय हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया जाएगा। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और संगठित अपराधों पर जीरो टॉलरेंस जारी रहेगा।

Previous articleसंतकबीरनगर में बड़े पैमाने पर पुलिस फेरबदल: कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की बड़ी पहल
Next articleवाल्टरगंज में महिला हत्या का सनसनीखेज खुलासा: किरायेदार अभिषेक ने गला दबाकर की हत्या, शव ट्रैक पर फेंक दुर्घटना दिखाई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here