ईद पर समाजसेवी डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने बांटी खुशियां, मजबूत किया भाईचारे का संदेश
संतकबीरनगर। ईद-उल-फितर का पावन पर्व जिले में हर्षोल्लास, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। इस मौके पर समाजसेवी एवं प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने लोगों के बीच पहुंचकर ईद की खुशियां साझा कीं और आपसी प्रेम व एकता का संदेश दिया।
डॉ. चतुर्वेदी पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी के साथ युवा नेता दानिश खान और सेखू खान के आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने सेवइयां खाकर सभी को ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार इंसानियत, दया, परोपकार और उदारता का प्रतीक है। यह पर्व हमें सिखाता है कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द को और मजबूत करना चाहिए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि मिलजुलकर अमन-चैन के साथ त्योहार मनाएं और सामाजिक एकता बनाए रखें।
डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि ईद हमें सुख-समृद्धि, खुशहाली और सद्भाव का संदेश देती है। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व देश-प्रदेश में शांति और प्रेम का संचार करे। इस दौरान क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे और सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी।
पूर्व प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने भी ईद के मौके पर सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने की बात कही और मिलजुलकर त्योहार मनाने की अपील की। डॉ. चतुर्वेदी की यह पहल जिले में सद्भाव और एकता की मिसाल बन गई।















