दुकान के पीछे दीवार के एक्जास्ट फैन की जाली तोड़कर अदंर घुसे थे चोर
सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर उखाड़ कर उठा ले गए चोर
शहर के मुख्य गोला बाजार में चोरी की हुई घटना से पुलिस की सक्रियता पर उठा सवाल
संतकबीरनगर। शहर के मुख्य गोला बाजार के पंजाब नेशनल बैंक की गली में संचालित पूर्व चेयरमैन के बेटे की थोक किराने की दुकान में शुक्रवार रात चोरों ने चोरी की वारदात की। चोर दुकान के पीछे से एक्जास्ट की जाली तोड़कर अंदर घुसे और सीसीटीवी का डीवीआर भी उखाड़ ले गए। चोर दुकान में रखा ढाई लाख नकदी चुरा ले गए। सूचना पर शनिवार को सीओ, कोतवाल, चौकी इंचार्ज ने पहुंच कर जांच पड़ताल की।
पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय राम कृपाल रूंगटा के छोटे बेटे रमेश रूंगटा का मकान गोला बाजार के पंजाब नेशनल बैंक की गली में है। मकान से सटे रमेश रूंगटा किराने की थोक दुकान संचालित करते हैं। उनकी दुकान में शुक्रवार रात पश्चिमी तरफ दीवार में लगे एक्जास्ट फैन को काटकर चोर घुस अंदर घुस गए। चोर दुकान में रखा ढाई लाख रुपये नकदी चुरा ले गए। जिसमें दो, पांच तथा दस के 80,000 अस्सी हजार रुपये के सिक्के थे। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर भी चुरा ले गए हैं। इनकी दुकान के आस-पास चार बैंक संचालित होते है। जबकि गोला बाजार में पुलिस चौकी भी स्थापित है। मोहर्रम को लेकर पुलिस वैसे भी सतर्कता बरत रही है। रात्रि गश्त और पिकेट ड्यूटी पर भी पुलिस कर्मी होते है। ऐसे में शहर के व्यस्ततम गोला बाजार में हुई चोरी की घटना को लेकर व्यापारी पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठा रहे है। व्यापारी नेता बनार्जी लाल अग्रहरि, भाजपा नेता सतविंदर पाल जज्जी ने कहा कि गोला बाजार में चोरी की घटना पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़ी कर रही है। यदि चोरी की घटना का जल्द पर्दाफाश नहीं हुआ तो व्यापारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।















