नॉर्थ इंडिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में गोरखपुर का दबदबा: तीनों खिलाड़ी स्वर्ण पदक विजेता
गोरखपुर। जम्मू-कश्मीर के भगवती इंडोर स्टेडियम में 12 से 15 मार्च 2026 तक चली नॉर्थ इंडिया पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025-26 में गोरखपुर मंडल के खिलाड़ियों ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक जीते। उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के दिग्गजों के बीच गोरखपुर के तीनों प्रतिभागी विजेता बनकर लौटे, जिससे पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह की लहर दौड़ गई।
प्रतियोगिता में गोरखपुर से हरिओम जायसवाल, प्रतिमा चौधरी और साहिल गुप्ता ने हिस्सा लिया और अपनी-अपनी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। हरिओम जायसवाल ने 66 किलोग्राम भार वर्ग (सब-जूनियर) में कुल 465 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। प्रतिमा चौधरी ने 69 किलोग्राम भार वर्ग (जूनियर) में 382.5 किलोग्राम के साथ स्वर्ण जीता। वहीं साहिल गुप्ता ने 66 किलोग्राम भार वर्ग (जूनियर) में शानदार 510 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर गोरखपुर में खुशी का माहौल है। वापसी पर गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। इसके बाद खजांची चौराहे स्थित शक्ति फिटनेस जिम में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी और फूल-मालाओं से लाद दिया।
समारोह में शरद मणि त्रिपाठी, डॉ. बी.पी. गुप्ता (पूर्व सीएमओ), मुकेश गेहलोत, प्रवीण कुमार, अनुपम सिंह, अविनाश दुबे, विकास चौहान, करण, राहुल शर्मा, अभिषेक, नवीन चौहान, रजत चौधरी, उत्कर्ष पांडेय और देवेंद्र सिंह सहित खेल जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।















