उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा गोरखपुर में शांतिपूर्ण सम्पन्न: 36 हजार अभ्यर्थी हुए शामिल
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को गोरखपुर जनपद के 24 परीक्षा केंद्रों पर पूरी शांति और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। दो दिनों में कुल 36 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। प्रत्येक दिन दो पालियों में लगभग 18 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि हर पाली में करीब 9 हजार परीक्षार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा के निर्बाध और नकलविहीन संपन्न होने पर प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली।
परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस ने व्यापक तैयारियां की थीं। सभी 24 केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई। केंद्रों के अंदर और बाहर सीसीटीवी निगरानी, मेटल डिटेक्टर, मैन्युअल तलाशी और सघन जांच व्यवस्था सुनिश्चित की गई। मोबाइल, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को केंद्र में ले जाने पर सख्त प्रतिबंध रहा।
परीक्षा के दौरान एडीजी जोन गोरखपुर मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल कुमार, जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ स्वयं विभिन्न केंद्रों का दौरा करते रहे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थी जांच, प्रवेश प्रक्रिया और सीसीटीवी मॉनिटरिंग का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी एवं एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए पहले से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई थी। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन भी पुख्ता रहा। ट्रैफिक पुलिस ने केंद्रों के आसपास यातायात को सुचारु रखा, जिससे बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को कोई असुविधा न हुई।
दोनों दिनों में कहीं से भी गड़बड़ी या अव्यवस्था की कोई सूचना नहीं मिली। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल और खुफिया निगरानी सक्रिय रही। परीक्षा समाप्ति के बाद अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी विभागों के बेहतर समन्वय की सराहना की।
प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि आगे भी ऐसी ही कड़ी निगरानी और पारदर्शिता के साथ सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों का भरोसा और परीक्षा की विश्वसनीयता अक्षुण्ण रहे.















