डीआईजी ने पुलिस लाइन व कार्यालय का किया वार्षिक मुआयना

डीआईजी ने पुलिस लाइन व कार्यालय का किया वार्षिक मुआयना

 

गोरखपुर। गोरखपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चनप्पा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालय का वार्षिक मुआयना किया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं, कार्यालयी पटलों और पुलिस लाइन परिसर का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीआईजी ने सबसे पहले पुलिस कार्यालय पहुंचकर वीआईपी सेल, डिस्पैच शाखा, टेलीफोन ऑपरेटर कक्ष, आंकिक कार्यालय, सीआरके शाखा, शिकायत प्रकोष्ठ, एसपी नार्थ और एसपी सिटी कार्यालय सहित सभी प्रमुख शाखाओं का जायजा लिया। पटल प्रभारियों से कार्यों, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों और कार्य प्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभिलेख व्यवस्थित रखे जाएं और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो।

आईजीआरएस सेल और बड़ी पेशी शाखा का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जन शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली। डीआईजी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर और संतोषजनक समाधान पुलिस की जिम्मेदारी है। बड़े बाबू कार्यालय, जनसुनवाई कक्ष और अन्य प्रशासनिक कार्यालयों में फाइलों की व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यशैली का भी जायजा लिया। मौजूद फरियादियों से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं और निस्तारण के निर्देश दिए।

डीआईजी ने पुलिस लाइन परिसर में शस्त्रागार का निरीक्षण कर हथियारों के रख-रखाव, सुरक्षा और अभिलेखों की जांच की। स्टोर रूम, आदेश कक्ष और धुंडसवार (घुड़सवार) शाखा का भी जायजा लिया। उन्होंने आवासीय भवनों की साफ-सफाई और सुविधाओं पर ध्यान देने के निर्देश दिए।

डीआईजी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य कानून व्यवस्था के साथ जनता की समस्याओं का समाधान भी है। कार्यालयों में आने वाले हर व्यक्ति के साथ शालीन व्यवहार हो। आधुनिक तकनीक का उपयोग कर कार्यों को पारदर्शी और त्वरित बनाया जाए।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार एस. सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी ने कहा कि ऐसे निरीक्षण विभाग की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण हैं।

Previous articleदेवरिया में एसबीएम, सिक्स्थ फाइनेंस, पंचायत भवन की समीक्षा उपनिदेशक (पंचायत) ने खराब  प्रगति पर जताई नाराजगी, 2-3 दिनों में तेजी लाने के सख्त निर्देश
Next articleआंगनबाड़ी सहायिका पदों के लिए प्रपत्र सत्यापन जारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here