इन्फेक्शन कंट्रोल एवं ओटी स्टैंडर्ड स्टेरलाइजेशन प्रोटोकॉल पर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न: सिकरीगंज घटना के बाद अस्पतालों में संक्रमण रोकथाम पर जोर
गोरखपुर। मंगलवार को सिकरीगंज के न्यू राजेश हाईटेक अस्पताल में मोतियाबिंद सर्जरी के बाद फैले गंभीर संक्रमण की घटना के बाद जन स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) एवं गोरखपुर ऑप्थाल्मिक संगठन के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. आर. के. जायसवाल तथा एडिशनल सीएमओ डॉ. ए. के. सिंह के साथ सम्पन्न हुई।
बैठक में विभिन्न अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर (OT) में स्टैंडर्ड स्टेरलाइजेशन प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन पर विस्तृत चर्चा हुई। आईएमए की ओर से सुझाव रखा गया कि सभी चिकित्सक और शल्य चिकित्सा करने वाले संस्थान निर्धारित प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। इससे पोस्ट-ऑपरेटिव संक्रमण की घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सकेगा और मरीजों की सुरक्षा बढ़ेगी। बैठक में सहमति बनी कि स्टेरलाइजेशन, सर्जिकल इंस्ट्रूमेंट्स की सफाई, OT पर्यावरण नियंत्रण और संक्रमण नियंत्रण टीम की सक्रिय भूमिका पर विशेष ध्यान दिया जाए।
आईएमए सचिव डॉ. वाई सिंह ने बताया कि आगामी नेत्र सर्जन्स एवं आईएमए की संयुक्त बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा इस विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन एवं सुझाव प्रस्तुत किए जाएंगे। इससे संक्रमण नियंत्रण की दिशा में ठोस, समन्वित और राज्य स्तरीय कदम उठाए जा सकेंगे।
बैठक में प्रतिनिधि मंडल के रूप में डॉ. शशांक कुमार, डॉ. आशुतोष शुक्ला, डॉ. आर. पी. शुक्ला, डॉ. एस. सोम एवं डॉ. दिनेश चंद्र उपस्थित रहे।
यह बैठक सिकरीगंज की हालिया घटना के बाद एक जागरूकता भरी पहल मानी जा रही है, जहां मोतियाबिंद सर्जरी के बाद संक्रमण से कई मरीजों की आंखों की रोशनी प्रभावित हुई। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा संगठनों की यह संयुक्त कोशिश सुनिश्चित करेगी कि भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं न हों और गोरखपुर में उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहें। बैठक ने सभी अस्पतालों को OT प्रोटोकॉल पर सख्ती बरतने और नियमित ऑडिट करने का आह्वान किया है।















