सदर तहसील दिवस में एसडीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 156 मामलों में 20 का मौके पर निस्तारण
गोरखपुर। सदर तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर दीपक गुप्ता ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। कार्यक्रम में राजस्व, भूमि विवाद, कब्जा, चकरोड, पोखरी, निर्माण अवरोध समेत विभिन्न श्रेणियों के कुल 156 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 20 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश के साथ भेजा गया।
तहसील दिवस में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, पैमाइश के बाद निशान मिटाए जाने, चकरोड खाली कराने, पोखरी से अतिक्रमण हटाने, निर्माण कार्य में बाधा तथा पुराने आदेशों के अनुपालन न होने जैसी शिकायतें दर्ज कराईं।
एसडीएम दीपक गुप्ता ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पूर्व में पारित आदेशों का तत्काल अमल सुनिश्चित किया जाए। सार्वजनिक उपयोग की जमीन, पोखरी, रास्ते और सरकारी संपत्तियों पर कब्जे के मामलों को प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अनावश्यक दौड़-भाग नहीं करनी चाहिए। हर प्रार्थना पत्र का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण होना चाहिए। जहां राजस्व और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई जरूरी हो, वहां तुरंत समन्वय स्थापित कर कार्यवाही की जाए।
इस दौरान नायब तहसीलदार नीरू सिंह, नायब तहसीलदार आकांक्षा पासवान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों से विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए।
तहसील दिवस में सीधे एसडीएम के सामने अपनी बात रख पाने से कई लोगों को तत्काल राहत मिली। यह कार्यक्रम जनता और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद का माध्यम साबित हुआ।















