रामगढ़ताल पुलिस की बड़ी सफलता: डकैती गिरोह का भंडाफोड़, 3 पुरुष व 30 महिलाएं गिरफ्तार

रामगढ़ताल पुलिस की बड़ी सफलता: डकैती गिरोह का भंडाफोड़, 3 पुरुष व 30 महिलाएं गिरफ्तार

 

गोरखपुर। थाना रामगढ़ताल पुलिस ने डकैती, चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं पर करारा प्रहार करते हुए एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 3 पुरुष और 30 महिला अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक बाल अपचारी महिला को अभिरक्षा में लेकर किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से डकैती में इस्तेमाल होने वाले खतरनाक उपकरण बरामद किए हैं। इनमें 5 पेचकश, 5 चाकू, 4 रबर के नकली सांप, 5 रबर की नकली छिपकली, 1 झांग भटकुईयां और एक चार पहिया वाहन शामिल है।

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों और मेलों में सक्रिय रहता था। भीड़ का फायदा उठाकर महिला सदस्य पीड़ित महिलाओं के पास पहुंचती थीं। विरोध करने पर चाकू या पेचकश दिखाकर डराया जाता था। ध्यान भटकाने और भय पैदा करने के लिए नकली सांप-छिपकली का इस्तेमाल किया जाता था। इससे पीड़िता घबरा जाती और अफरा-तफरी में आभूषण व नकदी लूट ली जाती।

गिरफ्तार अभियुक्त गोरखपुर, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, बलिया, कुशीनगर, मऊ और अंबेडकरनगर जैसे कई जिलों के हैं। इससे स्पष्ट है कि गिरोह का नेटवर्क अंतरजनपदीय स्तर पर फैला हुआ था। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने पूर्व में भी कई घटनाएं अंजाम दी हैं।

थाना रामगढ़ताल पर मुकदमा संख्या 05/2026 धारा 310(4) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। सभी अभियुक्तों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि इससे गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और मेलों में सतर्क रहें। किसी अजनबी के बहकावे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

यह कार्रवाई गोरखपुर पुलिस की सतर्कता और सक्रियता का बेहतरीन उदाहरण है, जिससे जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

Previous articleडकैती की योजना बनाते 6 महिला सहित 7 अभियुक्त गिरफ्तार: कैण्ट पुलिस की बड़ी सफलता
Next article27 जनवरी से नौ दिवसीय भव्य श्रीरामकथा: राजन जी महाराज करेंगे वाचन, 26 जनवरी को निकलेगी कलश यात्रा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here