मनरेगा भुगतान में सत्ता संगठित भ्रष्टाचार से पीड़ित ग्राम प्रधानों की मदद के लिए आगे आए जय चौबे
– परेशान ग्राम प्रधानों ने पूर्व विधायक जय चौबे से लगाई थी न्याय की गुहार
– पूर्व विधायक के तेवर देख सहमे जिम्मेदार, बुधवार को सीरियल से हुआ भुगतान
संतकबीरनगर।
मनरेगा को पारदर्शी बनाने के लिए शासन स्तर से लाख जतन किए जा रहे हों लेकिन जिले में अधिकारियों की कारगुजारियां ने इसे भ्रष्टाचार के दल दल में धकेल दिया है। कहीं जेसीबी के सहारे मजदूरों के हक पर खुलेआम डाका डालने की उच्चाधिकारियों की जांच में पुष्टि के बाद अब सामग्री भुगतान में जब सत्ता संरक्षित भ्रष्टाचार ने दर्जनों प्रधानों को बेबस कर दिया। मंगलवार को जिले में जब मनरेगा में सामग्री भुगतान का जिला मुख्यालय के एक साइबर कैफे पर डोंगल लगना शुरू हुआ तो जिले के सभी ब्लॉक के प्रधानों की आस भरी नजरें उस साइबर कैफे की तरफ लगी रहीं। कहीं बीडीओ लोगों ने एफटीओ का भुगतान लगाने के लिए एडवांस कमीशन वसूलने के लिए चौराहे चौराहे अपने एजेंट बैठा दिए तो कहीं डेकेदारों ने कमान संभाल लिया। सब कुछ के बाद जब मंगलवार की देर रात साहबों द्वारा चहेतों की परियोजनाओं का खोज खोज कर एफटीओ लगाया गया तो जिले के सैकड़ों प्रधानों की आस टूटने लगी। बुधवार की सुबह सेमरियावां और खलीलाबाद के दर्जनों प्रधान खुद को ठगा महसूस करते हुए खलीलाबाद सदर के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे के आवास पर पहुंच गए। प्रधानों ने कहा कि ठेकेदारों से संबंधित बीडीओ की सांठगांठ के चलते मात्र चंद ग्राम पंचायतों का ही भुगतान हुआ है। प्रधानों के दर्द से आहत पूर्व सदर विधायक जय चौबे तुरंत ही राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के सामने स्थित एक साइबर कैफे पर पहुंच गए जहां से पूरे जिले का भुगतान लग रहा था। दर्जनों ग्राम प्रधानों की मौजूदगी के बीच जय चौबे ने डोंगल लगा रहे जिम्मेदारों को चेतावनी दिया कि सत्ता के जनप्रतिनिधियों के इशारे पर अगर ग्राम प्रधानों के साथ अन्याय हुआ तो जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को चैन की सांस नही लेने देंगे। पूर्व विधायक के चेतावनी वाले लहजे को देख मौके पर मौजूद जिम्मेदार सहम गए। सूत्रों का दावा है कि अपनी मंशा को धूलधूसरित होते देख किसी जनप्रतिनिधि के इशारे पर उक्त स्थल पर भारी पुलिस बल पहुंच गई। पूर्व सदर विधायक जय चौबे के तेवर को देख सभी ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों का सीरियल से भुगतान लगने लगा। पूर्व सदर विधायक के एक्शन ने खलीलाबाद और सेमरियावां ही नही नाथनगर, हैसर, सांथा आदि ब्लॉक के ग्राम प्रधानों के एफटीओ का अधिकतर भुगतान हो गया। भुगतान होते ही जिले के ग्राम प्रधानों ने पूर्व सदर विधायक जय चौबे का दिली आभार प्रकट किया है।















