एसपी विनीत जायसवाल ने थानेदारों को लगाई कड़ी फटकार – अपराधी अब नहीं बचेंगे, हर केस फटाफट निपटेगा
गोंडा। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ सैनिक सम्मेलन सह अपराध समीक्षा गोष्ठी की। “अपराध और अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस” का साफ संदेश देते हुए एसपी ने कड़ी कार्रवाई के तगड़े निर्देश दिए।
सम्मेलन में पहले पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और तुरंत निस्तारण के आदेश दिए। फिर अपराध गोष्ठी में लंबित मुकदमों, अनावृत अपराधों, इनामिया-जिलाबदर, गैंगस्टर एक्ट में सम्पत्ति जब्ती, वाहन चोरी गिरोह, हिस्ट्रीशीट, गुंडा एक्ट और गैंग पंजीकरण की बारीक समीक्षा की गई।
एसपी ने थानेदारों को हुक्म दिया – थाने पर रहकर रोज जनसुनवाई करो, फरियादी की बात दिल से सुनो और फौरन कार्रवाई करो। नकबजनी रोकने के लिए गाँव-कस्बों में रात की गश्त और तेज करो, बैंक-सर्राफा बाजारों पर खास निगरानी रखो, संदिग्धों से सख्ती से पूछताछ करो। पीआरवी को चुस्त-दुरुस्त रखो, हर पुलिसकर्मी ड्यूटी में पूरी सजगता और दृश्यता दिखाए।
महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति 5.0 को और धारदार बनाने, गाँवों में सुरक्षा कवच मजबूत करने, महिला बीट अधिकारी से पीड़ित परिवारों का फीडबैक लेने और यातायात माह में ओवरलोडिंग-दुर्घटना रोकने व जागरूकता अभियान तेज करने के सख्त निर्देश दिए।
इस साल अब तक गोंडा पुलिस ने 111 अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया, 21 मुकदमे दर्ज किए, 53 नए बदमाशों की हिस्ट्रीशीट खोली, 1.23 करोड़ रुपये की अवैध सम्पत्ति जब्त की, 215 पर गुंडा एक्ट और 11 सक्रिय गिरोहों पर गैंग पंजीकरण की कार्रवाई की है।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय, सभी क्षेत्राधिकारी, निरीक्षक प्रज्ञान, पीआरओ और समस्त थानाध्यक्ष मौजूद रहे।















