फोरलेन लुटेरों का पर्दाफाश: 5 गिरफ्तार, 2 बाइक बरामद

फोरलेन लुटेरों का पर्दाफाश: 5 गिरफ्तार, 2 बाइक बरामद

गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के मजनू चौकी अंतर्गत सक्रिय लूट गिरोह का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया। थानाध्यक्ष सूरज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने दो लूटी मोटरसाइकिल सहित पांच खतरनाक लुटेरों को धर दबोचा।

गिरोह के सरगना चंदन निषाद समेत काजू निषाद उर्फ रॉनी, आजाद निषाद उर्फ विद्दू, अरुण निषाद और गौतम निषाद उर्फ पिंटू सभी महुआपार, थाना सहजनवां निवासी को गिरफ्तार किया गया। ये सुनसान फोरलेन इलाकों में राहगीरों से मोबाइल व मोटरसाइकिल लूटते थे, नंबर प्लेट बदलकर गैर जनपदों में बेच देते थे और क्षेत्र में दहशत फैला रहे थे।

एसपी नॉर्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में खुलासा किया कि 31 अक्टूबर को गीडा से लौट रहे युवक से लूट के दौरान गौतम निषाद का आधार कार्ड गिर गया, जिससे पुलिस को गिरोह तक पहुंचने में निर्णायक मदद मिली। पूछताछ में आरोपियों ने 6 सितंबर व 31 अक्टूबर की दोनों लूट की घटनाओं को कबूल कर लिया।

चिलुआताल थाने में मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों पर धारा 309(6), 310(2), 317(3), 126(2), 352 भा.न्या.सं. के तहत कार्रवाई की गई। कब्जे से लूटी गई दो मोटरसाइकिल व फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुईं।

कार्रवाई में चौकी प्रभारी मजनू चंदन नारायण, निरीक्षक सुनील कुमार राय (एंटी थेफ्ट प्रभारी), उ0नि0 राजमंगल सिंह (एसओजी प्रभारी) व अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

एसपी श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस की सतर्कता से एक सक्रिय लूट गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पूछताछ जारी है, अन्य घटनाओं के खुलासे की संभावना है।

Previous articleशास्त्री-छात्रसंघ रोड चौड़ीकरण: दुकानदार नाराज, प्रशासन ने दिया भरोसा
Next articleतहसील समाधान दिवस: 117 फरियादें, 21 का मौके पर निस्तारण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here