महिला सुरक्षा व कानून-व्यवस्था: मंडलायुक्त सभागार में उच्च स्तरीय बैठक

महिला सुरक्षा व कानून-व्यवस्था: मंडलायुक्त सभागार में उच्च स्तरीय बैठक

अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाना प्राथमिकता – डीआईजी रेंज एस. चनप्पा

गोरखपुर। गोरखपुर मंडल में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं मिशन शक्ति को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए गुरुवार को मंडलायुक्त सभागार में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। डीआईजी रेंज एस. चनप्पा और मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने संयुक्त रूप से अध्यक्षता की। बैठक में महिला अपराधों से संबंधित लंबित मुकदमों की त्वरित सुनवाई एवं अपराधियों को शीघ्र दंडित कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही क्षेत्र की समग्र कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाने और अपराध रोकथाम के लिए खुफिया तंत्र को मजबूत करने के सख्त निर्देश दिए गए।

डीआईजी रेंज एस. चनप्पा ने स्पष्ट कहा, “महिला अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हर पीड़िता को न्याय दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस व अभियोजन पक्ष पूरी तत्परता से कार्य करें। कानून-व्यवस्था बनाए रखना हमारी पहली जिम्मेदारी है, इसमें कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।”

मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने कहा, “मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य केवल अपराधियों को दंडित करना ही नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की मजबूत भावना स्थापित करना भी है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर प्रभावी कार्यवाही करनी होगी। कानून-व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।”

बैठक में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने अब तक की प्रगति की समीक्षा प्रस्तुत की। महिला उत्पीड़न व अपराधों के मामलों की लगातार निगरानी और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, डीएम दीपक मीणा, एसएसपी राजकरन नैय्यर, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक राज पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यह बैठक महिला सुरक्षा को नई गति देने का महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

Previous articleएसडीएम सदर ने की सड़क चौड़ीकरण व रजिस्ट्री कार्यों की समीक्षा
Next articleबुद्धा इंस्टिट्यूट में विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2025: उत्साहपूर्ण आयोजन।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here