गीता वाटिका में मिशन शक्ति 5.0: एडीजी रेंज ने महिलाओं-बच्चियों को किया जागरूक, पैदल गश्त से बढ़ाया विश्वास
गोरखपुर। मिशन शक्ति 5.0 के तहत बुधवार को गीता वाटिका में एडीजी रेंज एस.एस. चनप्पा और एसएसपी राज करन नैय्यर ने महिलाओं व बच्चियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ जीने की प्रेरणा दी गई।
एडीजी ने कहा कि किसी भी समस्या में घबराने की जरूरत नहीं, शासन और प्रशासन हर कदम पर साथ है। उन्होंने हेल्पलाइन नंबरों (1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) का उपयोग करने और आत्मरक्षा के गुर सीखने की सलाह दी। उन्होंने बच्चियों से आत्मनिर्भरता, पढ़ाई और आत्मविश्वास पर जोर दिया, क्योंकि सशक्त महिला समाज और राष्ट्र की प्रगति की नींव है।
एडीजी के साथ एसएसपी राजकरन नैय्यर एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, थाना प्रभारी शाहपुर नीरज राय, चौकी प्रभारी असुरन रविंद्र नाथ चौबे व अन्य पुलिसकर्मियों ने असुरन से पादरी बाजार तक पैदल गश्त की। इस दौरान आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा और अपराध निवारण पर जागरूकता बढ़ाई गई। एडीजी ने कहा कि पैदल गश्त से जनता में विश्वास और अपराधियों में भय पैदा होता है, पुलिस हर पल सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है।
महिलाओं और व्यापारियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की, जिससे उन्हें सुरक्षा का भरोसा मिला। बच्चियों ने मिशन शक्ति की तारीफ करते हुए खुद को और दूसरों को जागरूक करने का संकल्प लिया।















