नाबालिग छात्रा अपहरण कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो इनामी अपराधी गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद।
बस्ती। थाना नगर पुलिस ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से 25 अगस्त 2025 को अपहृत नाबालिग छात्रा के अपहरण मामले का सफल अनावरण कर पीड़िता को ट्रक चालक के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें दो इनामी अपराधी पंकज और सुनील को 25-25 हजार रुपये के इनाम के साथ पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया। मुकदमा संख्या 226/25 धारा 137(2)/70(2)/115(2)/352/351(2)/98/99 बीएनएस व 5/6 POCSO एक्ट के तहत दर्ज है।
घटना की शुरुआत 25 अगस्त 2025 को हुई, जब कक्षा 6 की नाबालिग छात्रा स्कूल से निकलकर घर की ओर पैदल जा रही थी। कलवारी रोड पर ट्रक चालक पंकज (ग्राम कलवारी मुस्तहकम, थाना कलवारी) ने उसे लिफ्ट का लालच देकर अपहरण कर लिया और सूनसान स्थान पर दुष्कर्म किया। पंकज ने फोन पर सुनील (ग्राम कठौतिया, थाना दुबौलिया) को बुलाया, जिसने भी पीड़िता के साथ कई बार दुष्कर्म किया। सुनील ने सुभाष (ग्राम वेदपुर, थाना दुबौलिया) को फोन कर बुलाया, जो ट्रक लेकर आया। सुभाष ने पीड़िता को सीमा (पत्नी राम सहाय, पुराना डाकखाना, थाना कोतवाली) को सौंप दिया। सीमा, जो फैजाबाद में देह व्यापार चलाती है, ने पीड़िता को अपने किराये के मकान में रखा और ट्रक ड्राइवरों से जबरन संबंध बनवाकर 25-30 हजार रुपये कमाए। सुभाष और राम सहाय (पुत्र मोहन, पुराना डाकखाना) भी पीड़िता के साथ दुष्कर्म में शामिल रहे।
6 सितंबर 2025 को पीड़िता सीमा के घर से भागी और राहुल पांडेय (ट्रक चालक, जयपुर, राजस्थान) से मदद मांगी, जो उसे बेचने के इरादे से बंगाल ले जा रहा था। 7 सितंबर को सुबह 4:30 बजे तिलकपुर शिव मंदिर के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ट्रक MH04LE1921 से पीड़िता को बरामद कर राहुल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अन्य अपराधियों का नाम सामने आया। शाम 8:40 बजे फुटहिया ओवर ब्रिज के पास सुभाष, सीमा और राम सहाय को गिरफ्तार किया गया।
8 सितंबर को सुबह 11:17 बजे कुढ़ापट्टी नहर पुलिया के पास मुखबिर सूचना पर पंकज और सुनील को घेरा गया। दोनों बिना नंबर वाली अपाची स्कूटर से भागे और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी। मुठभेड़ में थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के बाएं हाथ में गोली लगी, वे घायल हो गए। अपराधियों के कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस, दो मोबाइल, 1400 रुपये और अपाची स्कूटर बरामद हुए। सभी घायलों को अस्पताल भेजा गया।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय, चौकी प्रभारी सर्वेश कुमार, उपनिरीक्षक अवधेश शर्मा, रामेश्वर सिंह, हेड कांस्टेबल महेंद्र यादव, कृष्णचंद तिवारी, कांस्टेबल कमलेश यादव, विनोद गुप्ता, वीरेंद्र यादव, महिला कांस्टेबल शालू बर्मा और विजयलक्ष्मी सिंह शामिल थे। एसपी अभिनंदन के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पीड़िता सुरक्षित है और विधिक कार्यवाही जारी है।















