डीएम-एसपी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनीं फरियादियों की समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश।
रायबरेली। तहसील सदर में सोमवार को जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि जनता की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए तहसील और थानों में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किए जाते हैं, जहां नागरिक अपनी समस्याएं रखकर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण त्वरित, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निस्तारण में कोई समस्या हो, तो इसका कारण स्पष्ट रूप से बताया जाए। डीएम ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 97 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग से 68, पुलिस से 09, विकास से 04 और अन्य 16 शिकायतें शामिल थीं। इनमें से 11 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को एक सप्ताह में निपटाने के निर्देश के साथ संबंधित विभागों को सौंपा गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस से जुड़े मामलों को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। यह आयोजन जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।















