कैली मेडिकल कॉलेज में पर्ची कटवाने की जद्दोजहद, मरीजों का हाल-बेहाल।
बस्ती। सोमवार महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज, कैली में सोमवार को इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को पर्ची कटवाने के लिए पसीने छूट गए। सैकड़ों मरीज और उनके परिजन सुबह से लंबी कतारों में खड़े रहे, लेकिन अव्यवस्था और भीड़ के कारण कईयों को डॉक्टर के दर्शन तक नसीब नहीं हुए। पर्ची कटवाने की प्रक्रिया की जटिलता और काउंटरों की कमी ने मरीजों का सब्र तोड़ दिया, जिससे अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
रुद्र प्रताप, महेश, कालीचरण, वीरेंद्र, शिवदास, पार्वती, सीमा देवी, कौशल्या, राजमती, प्रभावती, दुर्गावती और विमलेश जैसे मरीजों ने अपनी पीड़ा बयां की। रुद्र प्रताप ने कहा, “सुबह से लाइन में खड़े हैं, लेकिन पर्ची नहीं मिली। भीड़ इतनी है कि सांस लेना मुश्किल है।” सीमा देवी ने बताया, “बच्चे को दिखाने आए हैं, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं। बैठने की जगह तक नहीं मिल रही।” मरीजों की शिकायत थी कि काउंटरों पर कर्मचारियों की कमी और अव्यवस्थित प्रबंधन ने उनकी मुश्किलें दोगुनी कर दीं।
यह पहली बार नहीं है जब मरीजों को ऐसी परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले भी कई बार पर्ची कटवाने और डॉक्टर से मिलने में देरी की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। मरीजों का कहना है कि अस्पताल में भीड़ प्रबंधन की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।















