रायबरेली में तिरंगे की रोशनी से जगमगाया जनपद, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी।
रायबरेली: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायबरेली के ऐतिहासिक स्थल, सरकारी कार्यालय और प्रमुख चौराहे तिरंगे की भव्य लाइटिंग से सजाए गए। तिरंगे की रोशनी से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया, जिससे वातावरण में एकता, गर्व और उत्साह का संचार हुआ।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि तिरंगा लाइटिंग का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस की महत्ता को जन-जन तक पहुंचाना और राष्ट्र के प्रति गर्व की भावना जागृत करना है। उन्होंने कहा, “यह दृश्य न केवल नागरिकों में उत्साह भरता है, बल्कि युवाओं को देश के प्रति कर्तव्यों के प्रति प्रेरित करता है।”
ऐतिहासिक भवनों पर तिरंगे की थीम आधारित रोशनी, सरकारी कार्यालयों में तिरंगा सजावट और प्रमुख चौराहों पर रंगीन प्रोजेक्शन ने वातावरण को मनमोहक बना दिया। शहर के कलेक्ट्रेट, तहसील कार्यालयों, पुलिस थानों और अन्य सरकारी भवनों को विशेष रूप से सजाया गया। यह सजावट स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भव्य बनाने के साथ-साथ लोगों में देशभक्ति की भावना को प्रज्वलित कर रही है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करें। इस पहल ने जनपद में एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश प्रसारित किया है।















