सीएमओ कार्यालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग,मची अफरा-तफरी
उत्तर प्रदेश/संतकबीरनगर। सीमएओ कार्यालय की दूसरी मंजिल के बरामदे में बृहस्पतिवार को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। सूचना फैलते ही दफ्तर में भगदड़ मच गई। पास के कमरे में मौजूद अपर सीएमओ डॉक्टर मोहन झा निकले और एमसीवी गिराकर बिजली आपूर्ति बंद किया। इसके बाद अन्य कर्मियों ने मौजूद फायर टेंडर का प्रयोग कर आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को दिन में करीब साढ़े बारह बजे सीएमओ कार्यालय की दूसरे मंजिल के बरामदे में अचानक शॉट सर्किट की वजह से आग लग गई। जानकारी होते ही स्वास्थ्य कर्मियों में भगदड़ मच गई। सूचना पर सीढ़ी से पूरब कमरे में बैठे अपर सीएमओ डॉक्टर मोहन झा निकले और तत्काल एमसीवी गिराकर आपूर्ति बंद कर दी। इसके बाद दूसरे कर्मियों ने दीवार में टंगे फायर टेंडर की मदद से पांच से सात मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया। उसके बाद सीएमओ कार्यालय की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में लोग काम-काज निपटाने लगे। अपर सीएमओ डॉक्टर मोहन झा ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी, जिसे तत्काल फायर टेंडर की मदद से बुझा लिया गया।















