डीएम-एसपी ने तामेश्वरनाथ धाम में कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
संतकबीरनगर: जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत तामेश्वरनाथ धाम का दौरा किया। सोमवार को मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने साफ-सफाई, बैरिकेटिंग, ट्रैफिक और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेला परिसर में भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की जानकारी ली और कांवड़ियों की सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कांवड़ मार्गों पर सतर्कता, आपात स्थिति में तत्काल मेडिकल सहायता और श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर, पांडाल और पोखरे के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए शिव भक्तों को असुविधा से बचाने पर जोर दिया। ट्रैफिक डायवर्जन प्लान को कड़ाई से लागू करने और लाइन व्यवस्था को सुचारू रखने के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से शांति और सौहार्द के साथ जलाभिषेक करने की अपील की। इस दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















