डीएम हर्षिता माथुर ने टाटा टेक्नोलॉजी ट्रेनिंग सेंटर और रोजगार मेले का किया निरीक्षण, 432 युवाओं को मिले ऑफर लेटर।
“रायबरेली। सोमवार को जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने राजकीय आईटीआई गोरा बाजार में टाटा टेक्नोलॉजी द्वारा स्थापित आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के तहत वृहद रोजगार मेले का भी अवलोकन किया, जिसमें बेरोजगार युवाओं को निजी कंपनियों में प्लेसमेंट का अवसर प्रदान किया गया।
निरीक्षण के बाद डीएम ने निर्देश दिया कि मेले में ऑफर लेटर पाने वाले युवाओं का लगातार फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए। इस रोजगार मेले में 14 कंपनियों पेटीएम सर्विसेज, जय भारत मारूति, डीलक्श बीयरिंग, एजईएएस फेडरल लाइफ इंश्योरेंस, वर्धमान ग्रुप, पैरेन्ट्स केयर लखनऊ, अमूल्य स्वास्थ्य मित्र, पोर्टिया, इंस्टा ह्यूमन्स मैनेजमेंट, केयर हेल्थ सर्विसेज, ब्राइट फ्यूचर, सुजुकी मोटर, पीपल ट्री ऑनलाइन, और फ्रीडम इम्प्लॉयबिलिटी एकेडमी ने भाग लिया।
मेले में 730 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिसमें से 432 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के बाद ऑफर लेटर दिए गए। ये अभ्यर्थी अंतिम चयन के लिए संबंधित कंपनियों में साक्षात्कार देंगे।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय, उपायुक्त उद्योग, जिला सेवायोजन अधिकारी, महिला आईटीआई प्रधानाचार्य राजीव कुमार सिंह, एमआईएस प्रबंधक कौशल विकास वंदना सिंह, और आईटीआई के समस्त कार्यदर्शक व अनुदेशक मौजूद रहे। मंच का संचालन सीएम श्रीवास्तव, कार्यदर्शक राजकीय आईटीआई, ने किया। यह आयोजन युवाओं के कौशल विकास और रोजगार में नए अवसरों का प्रतीक बना।















