आईएमए गोरखपुर, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ व जीपी संगठन ने योग शिविर के माध्यम से दिया स्वास्थ्य का संदेश।
गोरखपुर में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आईएमए गोरखपुर, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ और जीपी संगठन ने संयुक्त रूप से तारामंडल स्थित आईएमए भवन में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया। इस शिविर ने चिकित्सकों और समाज को योग के माध्यम से निरोग और स्वस्थ रहने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में आईएमए सचिव डॉ. वाई सिंह ने योग के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। उन्होंने कहा, “योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का सशक्त माध्यम है।”
योग सत्र का संचालन डॉ. प्रकाश चंद शाही और डॉ. अंजु जैन ने किया, जिन्होंने चिकित्सकों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम की तकनीकों का अभ्यास कराया। सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन और कपालभाति जैसे आसनों के साथ-साथ सही श्वास-प्रश्वास की तकनीकों पर विशेष जोर दिया गया। सत्र के अंत में सभी ने निरंतर योग करने की शपथ ली।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रतिभा गुप्ता ने सभी उपस्थित चिकित्सकों का हार्दिक स्वागत किया और इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। शिविर के उपरांत एक योग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न योग मुद्राओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डॉ. वाई सिंह, डॉ. एपी श्रीवास्तव, डॉ. नदीम अरशद, डॉ. आरपी शुक्ला, डॉ. विपिन चतुर्वेदी और डॉ. रत्नाकर शुक्ला को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. आरके पांडे, डॉ. शांतनु अग्रवाल, डॉ. एपी गुप्ता, डॉ. दिनेश चंद्रा, डॉ. अमरेश सिंह, डॉ. अमित सिंह, डॉ. श्रीकांत प्रसाद, डॉ. एमके गुप्ता, डॉ. आरपी अग्रवाल, डॉ. एसके लाठ, डॉ. नीना श्रीवास्तव, डॉ. नरेश अग्रवाल, डॉ. जेपी जयसवाल, डॉ. एसएस शाही, डॉ. राजेश गुप्ता और डॉ. मीनाक्षी गुप्ता सहित अनेक गणमान्य चिकित्सक उपस्थित रहे। यह आयोजन योग के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।















