आत्मदाह की कोशिश नाकाम, पुलिस ने बचाई जान।
संतकबीरनगर, : कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को जनता दर्शन के दौरान धनघटा तहसील के तिघरा निवासी खौर चंद्र ने जमीन विवाद की शिकायत लेकर पहुंचकर सनसनीखेज कदम उठाया। उन्होंने छिपाकर लाई पेट्रोल की शीशी निकालकर खुद पर उड़ेलने की कोशिश की, लेकिन सतर्क सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उन्हें रोक लिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने खौर चंद्र को हिरासत में लिया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
खौर चंद्र ने बताया कि दबंगों ने उनकी रजिस्ट्री वाली जमीन पर कब्जा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया है और उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही। डीएम की अनुपस्थिति में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) जयप्रकाश उनकी फरियाद सुन रहे थे। हताश खौर चंद्र ने यह खतरनाक कदम उठाया।
एडीएम जयप्रकाश ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि खौर चंद्र को इस कदम के लिए किसने उकसाया और पेट्रोल कहां से लाया गया। उन्होंने धनघटा के उप जिलाधिकारी को दो दिनों में शिकायत का निपटारा कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए।
पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।















