‘मौत’ बनकर बरसी बारिश: गोरखपुर-बस्ती में बिजली गिरने से पांच की जान गई, 10 झुलसे।
गोरखपुर/बस्ती। पूर्व मानसून की पहली बारिश गोरखपुर-बस्ती मंडल में आफत बनकर आई। झमाझम बारिश के बीच आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया, जिसमें पांच लोगों की जान चली गई और 10 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। बस्ती में बाढ़ जैसे हालात ने भी जनजीवन को प्रभावित किया, जिसके चलते बस्ती-अयोध्या हाईवे की एक लेन पर पानी भरने से कुछ घंटों के लिए ट्रैफिक वन-वे करना पड़ा।
गोरखपुर में बिजली का कहर
गोरखपुर के गीडा थानाक्षेत्र के हरदिया गांव में बिजली गिरने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। महराजगंज सदर कोतवाली क्षेत्र के बांसपार बैजौली गांव में धान की रोपाई के दौरान बिजली गिरने से एक युवक की जान चली गई, जबकि दो महिलाएं बुरी तरह झुलस गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बस्ती में भीषण हादसे
बस्ती जिले के वाल्टरगंज क्षेत्र में बिजली गिरने से पांच महिलाएं झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। सोनहा क्षेत्र में एक युवक बिजली की चपेट में आकर घायल हो गया। नगर थानाक्षेत्र के मंझरिया गांव में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों के टिनशेड पर बिजली गिरने से सीतापुर की एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
देवरिया में दर्दनाक घटनाएं
देवरिया के खुखुंदू क्षेत्र के शेरवां बभनौली गांव में पेड़ के नीचे आम बीन रहे भाई-बहन बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के महड़ा पुरवा में 52 वर्षीय महिला की बिजली गिरने से मौत हो गई।















