शाहपुर पुलिस की लगातार दूसरी मुठभेड़, कुख्यात अनूप यादव घायल।

शाहपुर पुलिस की लगातार दूसरी मुठभेड़, कुख्यात अनूप यादव घायल।

 

गोरखपुर: शाहपुर पुलिस ने रविवार की भोर में एक और मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश अनूप यादव को घायल कर गिरफ्तार किया। यह दूसरा दिन है जब पुलिस ने तस्करों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया। शनिवार को पशु तस्कर साहब अंसारी को मुठभेड़ में पकड़ा गया था, और अब 24 घंटे के भीतर अनूप यादव भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

शनिवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि पशु तस्कर पिपराइच रोड से पशुओं को ले जा रहे हैं। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप दिखी, जिसे रोकने का इशारा किया गया। तस्करों ने भागने की कोशिश की, जिसमें साहब अंसारी ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया और पकड़ा गया, लेकिन अनूप यादव और उसका भाई रोजिद अंसारी फरार हो गए। रविवार की रात पुलिस ने अनूप को अपाचे बाइक पर घूमते देखा। उसे रोकने की कोशिश पर उसने फिर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अनूप को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने अनूप के पास से एक 315 बोर का देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और अपाचे बाइक बरामद की। गुलरिहा थाना क्षेत्र के हरसेवकपुर नंबर 2, दहला टोला निवासी अनूप यादव पुत्र दिनेश यादव के खिलाफ विभिन्न थानों में 29 मुकदमे दर्ज हैं। 2020 में उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है। पिछले साल 22 दिसंबर को भी गो-तस्करी के मामले में वह फरार हुआ था, जब पुलिस ने एक पिकअप से गोवंश बरामद किया था।

शाहपुर पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है। अनूप की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब फरार रोजिद अंसारी की तलाश में जुट गई है। इस मुठभेड़ ने पुलिस की सतर्कता और अपराधियों पर नकेल कसने की प्रतिबद्धता को फिर साबित किया है।

Previous articleहत्या केस में विवेचना पर सवाल, तीन आरोपियों के नाम हटाए।
Next articleमुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में जुटा प्रशासन, कमिश्नर-डीआईजी ने लिया जायजा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here