अंजली के लाल की जयंती पर भक्ति की बयार, खलीलाबाद में हनुमान जन्मोत्सव ने बांधा समां।

संतकबीरनगर
संतकबीरनगर के खलीलाबाद में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव की धूम ने पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। श्रीबाला जी कृपा ट्रस्ट द्वारा हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित इस भव्य समारोह में सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या और भंडारे ने श्रद्धालुओं के दिलों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत बाद्य यंत्रों की मधुर धुनों के बीच सुंदरकांड पाठ और कीर्तन से हुई, जो देर रात तक भक्ति के उत्साह में डूबा रहा।
हनुमान जी की मूर्ति को गुलाब की मालाओं, चोले और सिंदूर से सजाकर भक्तों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। पीपल के पत्तों पर “श्रीराम” लिखकर प्रभु को अर्पित करने की परंपरा ने भक्ति को और गहरा किया। भक्तों ने अरदास के साथ रोग-दोष मुक्ति, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। गायक पंकज निगम के मधुर भजनों ने पंडाल में समां बांध दिया, जहां श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। हवन, पूजन, आरती और प्रसाद वितरण के साथ चरण पादुका की विशेष व्यवस्था ने आयोजन को और दिव्य बनाया।
आयोजक मंडल ने कहा, “ऐसे धार्मिक आयोजन हर सनातनी का कर्तव्य हैं। यह न केवल हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखता है, बल्कि समाज में अनुशासन और श्रद्धा का संचार भी करता है।” कार्यक्रम में दुधनाथ विश्वकर्मा, सत्येंद्र कुमार मिश्र, सुधीर श्रीवास्तव, गुरुदीप सिंह बिट्टू, राहुल विश्वकर्मा, दीपक विश्वकर्मा, सरदार मनमोहन सिंह, संगम गुप्ता, विकास गुप्ता, शिवकुमार यादव, राम सिंह, अविनाश मोदनवाल, रामफेर, सौरभ अग्रवाल, विवेक वर्मा गोलू, राजन जायसवाल, राहुल सिंह, एमके श्रीवास्तव सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। यह आयोजन न केवल हनुमान जयंती का उत्सव था, बल्कि समुदाय में एकता और आस्था का प्रतीक भी बना।















