झुमके से आगे नाथ कॉरिडोर की पहचान, बरेली अब स्मार्ट सिटी की शान – सीएम योगी
बरेली,
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली में विकास की नई इबारत लिखी। एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे सीएम ने 933 करोड़ रुपये की 132 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 2,554 नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने पूरे प्रदेश के लिए ‘स्कूल चलो अभियान’ और ‘विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान’ की शुरुआत की। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, “पहले बरेली को झुमके से जोड़ा जाता था, लेकिन हमने नाथ कॉरिडोर देकर इसे इसकी पौराणिक पहचान से नवाजा। आज बरेली स्मार्ट सिटी के रूप में देश-दुनिया में अपनी धमक बना रहा है।”
विकास और शांति का नया दौर
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले बरेली में 5-7 दंगे आम बात थी, लेकिन पिछले 8 साल में एक भी दंगा नहीं हुआ। “अब बरेली में दंगा नहीं, चंगा है। दंगाइयों की संपत्ति जब्त कर गरीबों में बांट दी जाएगी।” हर घर नल योजना, रिंग रोड और फ्लाईओवर से बरेली की कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। डेयरी, मेडिकल और अन्य उद्योगों में निवेश से रोजगार के नए अवसर बन रहे हैं।
शिक्षा में क्रांति
‘स्कूल चलो अभियान’ की शुरुआत करते हुए सीएम ने हर बच्चे को स्कूल पहुंचाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा, “ऑपरेशन कायाकल्प से 96% स्कूलों में टॉयलेट, पेयजल, स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा हुई।” अटल आवासीय विद्यालय और मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय योजना से हर जनपद में शिक्षा का नया ढांचा तैयार हो रहा है। पिछले साल 1 करोड़ 91 लाख बच्चों को 1200 रुपये की डीबीटी सहायता दी गई।
स्वास्थ्य और संचारी रोगों पर प्रहार
सीएम ने बताया कि डबल इंजन सरकार ने 8 साल में इंसेफेलाइटिस को जड़ से खत्म किया। प्रदेश में 44 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज बने हैं। 2,554 नई एंबुलेंस से स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। “पहले एंबुलेंस का रिस्पांस टाइम 17-19 मिनट था, अब 7 मिनट हो गया।”
गोसंरक्षण और तंज
सीएम ने कहा कि 7,700 गोआश्रय में 14 लाख गोवंश की देखभाल हो रही है। सपा पर तंज कसते हुए बोले, “जो गौ माता को कसाइयों के हवाले करते थे, उन्हें आज गोबर से दुर्गंध आ रही है। हमने कसाइयों को जहन्नुम भेजा और गोसेवा को बढ़ावा दिया।”
बरेली की नई पहचान
नाथ कॉरिडोर से बरेली की पौराणिकता उभरी, तो स्मार्ट सिटी के रूप में आधुनिकता भी जुड़ी। प्रदर्शनी में युवा उद्यमियों के उत्पादों को देख सीएम ने उनकी हौसला अफजाई की। बरेली अब निवेश, शिक्षा और स्वास्थ्य का नया केंद्र बन रहा है।















