चैत नवरात्रि का शुभारंभ: डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने परिवार संग माता के चरणों में टेका मत्था, गरीबों में बांटे दान-पुण्य।

संतकबीरनगर
संतकबीरनगर में चैत नवरात्रि के पहले दिन समय माता मंदिर श्रद्धालुओं से गुलजार रहा। इस पावन अवसर पर जिले के प्रसिद्ध समाजसेवी और सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी अपनी धर्मपत्नी सविता चतुर्वेदी, बेटे अखंड और बेटी सरगम के साथ खलीलाबाद स्थित ऐतिहासिक समय माता मंदिर पहुंचे। परिवार संग माता रानी के दरबार में मत्था टेककर उन्होंने पूजन-अर्चन किया और मां की आरती में हिस्सा लिया। डॉ. चतुर्वेदी ने माता से जिले के लोक कल्याण की प्रार्थना की।
हिंदू नव वर्ष के इस शुभ अवसर पर डॉ. चतुर्वेदी ने जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि चैत्र मास का यह दिन हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है। प्रकृति भी इस समय नवपल्लव और पुष्पों से सजती है, जो जीवन में नई ऊर्जा का संचार करती है। उन्होंने कामना की कि यह नव वर्ष किसानों, जवानों, छात्रों और आम लोगों के लिए सुख-समृद्धि लेकर आए। सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने भी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं।

पूजा-अर्चना के बाद डॉ. चतुर्वेदी ने अपनी समाजसेवा की मिसाल कायम करते हुए सैकड़ों पुरोहितों और जरूरतमंदों के बीच नगदी और वस्त्रों का वितरण किया। उनके इस दान-पुण्य ने नवरात्रि के पहले दिन को और भी पुण्यमय बना दिया। मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ और भक्ति का माहौल देखते ही बन रहा था।















