सपनों को मेहनत से मिली उड़ान, नवोदय और अटल आवासीय स्कूल के सितारों का सम्मान।
संतकबीरनगर: सोमवार को पौली स्थित नवोदय एलिमेंट्री स्कूल के परिसर में एक रंगारंग समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जवाहर नवोदय विद्यालय और मंडल स्तरीय अटल आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में चयनित होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अभिभावकों और शिक्षकों ने माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच बच्चों की सफलता पर खुशी जाहिर की, साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर नवोदय एलिमेंट्री स्कूल के प्रबंधक मुकेश सर ने कहा, “कड़ी मेहनत, लगन और निष्ठा से किया गया कार्य ही सफलता की कुंजी है। इन बच्चों ने नवोदय विद्यालय और अटल आवासीय विद्यालय में दाखिला लेकर यह साबित कर दिखाया कि प्रतिभा और मेहनत के आगे कोई बाधा टिक नहीं सकती।” उन्होंने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय में चयन के लिए केवल श्रम कार्ड धारकों के बच्चे ही परीक्षा दे सकते थे, जिसमें पूरे क्षेत्र से मात्र दो विद्यार्थियों ने जगह बनाई।
सफलता का परचम लहराने वाले विद्यार्थियों में नवोदय विद्यालय के लिए अयान (पुत्र सुहेल अहमद) और आर्यन (पुत्र रामानंद), वहीं अटल आवासीय विद्यालय के लिए आकांक्षा (पुत्री अनिल कुमार मद्धेशिया) और आदित्य (पुत्र जोखन प्रसाद) शामिल हैं। इन बच्चों ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रबंधक ने यह भी जोड़ा कि इस विद्यालय से पढ़कर निकलने वाले छात्र हर बार नए कीर्तिमान स्थापित करते हैं।
कार्यक्रम में बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए शिक्षक सर्वेश, महेंद्र, आकृति, संध्या, संजना, ममता, फुजैल अहमद, हाजरा खातून, विवेक, रामकेश, वंदना के साथ-साथ अभिभावक अनिल कुमार, जोखन प्रसाद और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। यह आयोजन नन्हे सितारों के लिए प्रेरणा और गर्व का क्षण बन गया।















