“योगी सरकार के 8 साल: सुशासन का जश्न, विकास की गाथा!”
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के 8 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 25 मार्च से 27 मार्च तक तीन दिवसीय रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और जागरूकता फैलाने का लक्ष्य रखा गया है। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) संजय कुमार मीना ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए इसे सफल बनाने के निर्देश दिए।
यह समारोह योगी सरकार के उन ऐतिहासिक फैसलों, योजनाओं और विकास कार्यों का उत्सव होगा, जिन्होंने राज्य के राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य को नई दिशा दी। तीन दिनों तक चलने वाले इन कार्यक्रमों में अन्नदाता किसानों की समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, अवसंरचना विकास, युवा व रोजगार, हस्तशिल्प व ओडी ओपी, सुरक्षित उद्यमी-समृद्ध व्यापार और अंत्योदय से सर्वोदय जैसे थीम्स पर आधारित विविध आयोजन होंगे।
जश्न का मकसद:
ये कार्यक्रम न केवल सरकार के विकास कार्यों को जनता के सामने लाएंगे, बल्कि पिछले 8 वर्षों में हुए बदलावों का उत्सव भी मनाएंगे। सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी, जिससे लोग प्रत्यक्ष रूप से प्रगति को देख सकें। सीएम युवा योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा युवाओं के आवेदन भरवाए जाएंगे और लाभार्थियों को सेंक्शन लेटर व चेक भी वितरित किए जाएंगे।
75 जिलों में उत्सव:
योगी सरकार के 8 साल पूरे होने का जश्न उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में धूमधाम से मनाया जाएगा। 25 से 27 मार्च तक आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना और सरकार की उपलब्धियों को उजागर करना है। यह आयोजन सुशासन के 8 सालों की सफलता की गाथा को जनता के बीच ले जाएगा।















