गांजा तस्करी का सरगना 3 साल बाद पुलिस की गिरफ्त में, 5 हजार का इनामी हरनाम सिंह उर्फ राहुल गिरफ्तार।
गोरखपुर।
गोरखपुर के सहजनवां पुलिस ने बुधवार को बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी तस्कर हरनाम सिंह उर्फ राहुल को भीटी रावत के पास से धर दबोचा। संभल जिले के हजरतनगर गढ़ी अब्बूनगर का रहने वाला हरनाम उड़ीसा से गांजा लाकर मुरादाबाद और दिल्ली तक सप्लाई करता था। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022 में सहजनवां में हरनाम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। उसी साल एसटीएफ ने एक कंटेनर से 4.69 क्विंटल गांजा बरामद किया था, जिसमें सात आरोपी पकड़े गए थे। जांच में हरनाम का नाम सामने आया, जो इस तस्करी का मास्टरमाइंड निकला। आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा उड़ीसा से गोरखपुर के रास्ते मुरादाबाद और अन्य जिलों में भेजा जाता था।
सहजनवां थाना प्रभारी विशाल उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई बार संभल में छापेमारी की, लेकिन हरनाम हाथ नहीं लगा। एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 5 हजार का इनाम घोषित किया था। आखिरकार, तीन साल की तलाश के बाद वह पकड़ा गया।
एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अब इस तस्करी गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी चल रही है। हरनाम को जेल भेज दिया गया है।















