ग्रेटर नोएडा और अमेरिका के लोउडन काउंटी के बीच सिस्टर सिटी की नई उड़ान।
: ग्रेटर नोएडा और अमेरिका के लोउडन काउंटी को सिस्टर सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम तेज हो गए हैं। मंगलवार को लोउडन काउंटी के प्रतिनिधि ग्रेटर नोएडा पहुंचे, जहां दोनों पक्षों ने इंफ्रास्ट्रक्चर पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिए और सूचनाओं का आदान-प्रदान किया। लोउडन काउंटी के प्रतिनिधियों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को अपनी सिटी का दौरा करने का न्योता भी दिया।
इस मौके पर लोउडन काउंटी, वर्जीनिया के इकोनॉमिक डेवलपमेंट विभाग के कार्यकारी निदेशक बडी राइजर अपनी टीम के साथ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पहुंचे। सीईओ एनजी रवि कुमार, एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, एसीईओ प्रेरणा सिंह, ओएसडी अभिषेक पाठक और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक हुई। ग्रेटर नोएडा की ओर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर, रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, मेट्रो कनेक्टिविटी, एक्सप्रेसवे, ग्रीनरी, बड़ी कंपनियों, शिक्षण संस्थानों, डाटा सेंटर हब, आईआईटीजीएनएल, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब और ट्रांसपोर्ट हब जैसे विकास कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही, वेस्ट कलेक्शन सिस्टम से भी प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया गया।
सीईओ एनजी रवि कुमार ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में रोजगार के अवसर बढ़ाने और युवाओं को आधुनिक संस्कृति व तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। दूसरी ओर, लोउडन काउंटी के प्रतिनिधियों ने भी अपनी सिटी के इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी साझा की। बता दें कि दोनों शहरों को स्टार सिटी के रूप में विकसित करने के लिए एमओयू पहले ही साइन हो चुके हैं। इससे शिक्षा, व्यापार, संस्कृति, बायोटेक, कृषि, फार्मास्यूटिकल और सूचना-तकनीक जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ेगा। दोनों शहरों के प्रतिनिधि एक-दूसरे के यहां जाकर अध्ययन भी कर सकेंगे।















