होली-रमजान में शांति का पहरा, उपद्रवियों की खैर नहीं
गोरखपुर। गीडा होली और रमजान के पवित्र मौके पर शांति और सौहार्द का माहौल कायम रखने के लिए गीडा थाना प्रभारी एसपी आशना चौधरी ने बुधवार को पिपरौली बाजार की गलियों में फ्लैग मार्च निकालकर अपनी मौजूदगी का एहसास कराया। कदमों की गूंज और पुलिस की चौकसी के बीच उन्होंने उपद्रवियों को दो टूक चेतावनी दी: “शांति भंग की कोशिश हुई तो सख्त से सख्त कार्रवाई होगी, कोई बख्शा नहीं जाएगा।”
इस दौरान थाना प्रभारी ने स्थानीय लोगों के साथ संवाद करते हुए अपील की, “होली रंगों और भाईचारे का त्योहार है, इसे प्रेम और शांति से मनाएं। रमजान की रौनक भी साथ-साथ बनी रहे।” उनके साथ इंस्पेक्टर विजय सिंह चौकी प्रभारी पिपरौली कमलेंद्र सिंह, भड़सार चौकी प्रभारी विशाल राय, एसआई दीपक, कांस्टेबल अंकित दुबे, अजय यादव, नितिन और गीडा थाने की मजबूत पुलिस फोर्स ने कदम से कदम मिलाया। यह फ्लैग मार्च न सिर्फ सुरक्षा का भरोसा दे गया, बल्कि त्योहारों को अमन के रंग में रंगने का संकल्प भी जगा गया।















