इलाज में लापरवाही से नवजात की मौत का आरोप, कार्रवाई की मांग।
संतकबीरनगर
जिला अस्पताल में इलाज में लापरवाही बरतने से एक नवजात शिशु की मौत हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। ऐसा आरोप लगाकर पीड़ित पिता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर जिला अस्पताल के संबंधित कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। एसपी ने प्रकरण की जांच करके सीएमएस से तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ऊनखास निवासी ज्ञान प्रकाश पुत्र रामवृक्ष का आरोप है कि वह 12 फरवरी 2025 की रात करीब साढ़े ग्याह बजे अपनी पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल ले गए और भर्ती कराए। 13 फरवरी को भोर में सवा तीन बजे संबंधित स्टॉफ और कर्मचारियों ने लापरवाही पूर्वक उसकी पत्नी का प्रसव कराया। आरोप है कि ठीक से इलाज कराने के नाम पर उपस्थित स्टॉफ के जरिए उससे 5 हजार रुपये की मांग की गई। उसने खुद की गरीबी का हवाला देकर 500 रुपये दिया। उस समय उपस्थित स्टॉफ ने कहा कि ठीक से इलाज करवाना है तो पैसे का इंतजाम करो। उसने जब रुपये देने से इनकार कर दिया तो 13 फरवरी 2025 की सुबह साढ़े नौ बजे जाति सूचक भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए भगा दिए। आरोप है कहे कि तुम्हारे बच्ची को भगवान ही बचाएंगा। अस्पताल स्टॉफ के जरिए देखभाल व इलाज में लापरवाही बरतने की वजह से उसके नवजात बच्ची का 15 फरवरी की भोर में करीब चार बजे निधन हो गया। उसे और उसकी पत्नी व नवजात शिशु सहित अस्पताल से भगा दिए थे। पीड़ित पिता ने 19 फरवरी को एसपी को प्रार्थना पत्र देकर जिला अस्पताल के संबंधित स्टॉफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की। एसपी ने प्रकरण में जांच करा कर कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिया।
————————–
शिकायतकर्ता ज्ञान प्रकाश के गंभीर आरोपों की जांच के लिए सीएमएस को पत्र भेजा गया है। तीन दिवस में जांच आंख्या मांगी गई है। जांच रिपोर्ट के बाद जैसी स्थिति होगी,वैसी कार्रवाई आगे की जाएगी।
सत्यजीत गुप्ता,
एसपी
——————————
डीएम और एसपी के जरिए भेजा गया पत्र मिला है। शिकायतकर्ता ने भी प्रार्थना पत्र दिया है। प्रकरण की जांच शुरु कर दी गई है। इसमें अभिलेख, सीसीटीवी फुटेज और उक्त दिवस व समय पर ड्यूटी पर तैनात रहने वाले कर्मचारियों का बयान दर्ज किया जाएगा। जांच प्रकिया पूरी कर रिपोर्ट डीएम और एसपी को भेजी जाएगी।
डॉक्टर भवनाथ पांडेय,
सीएमएस, जिला अस्पताल















