महिलाओं एवं बालिकाओं को हेल्प लाइन नंबरों की दी गई जानकारी।
संतकबीरनगर।
कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महिला बीट अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक कर रही है। इसी क्रम में बुधवार को महिलाओं को विभिन्न उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों, शासन के जरिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, महिला हेल्प डेस्क व कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही पंपलेट वितरित किया गया।
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि जनपद के समस्त थाना क्षेत्र में महिला बीट पुलिस अधिकारियों के जरिए गांव, कस्बा, स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर प्राथमिकता के आधार पर महिलाओं बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही महिला संबंधित समस्याओं के निस्तारण कराने के संबंध में चौपाल का आयोजन कर वृहद स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ शक्ति दीदी के रूप में जुड़कर उन्हें सशक्त एवं सुरक्षित वातावरण देने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों सहित कानूनी प्रावधानों एवं उनके अधिकारों इत्यादि के बारे में चर्चा की। शासन द्वारा चलायी जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं के विषय में जानकारी देते हुए पंपलेट प्रदान कर जागरूक किया जा रहा है।















