गाड़ी को साइड नहीं देने पर एक आरोपी ने लाइसेंसी रिवाल्वर से की थी फायरिंग
-दो आरोपी गिरफ्तार,घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवाल्वर, कारतूस, सफारी बरामद
मुर्गी फार्म संचालक से लूट नहीं, रंगबाजी में हुई थी फायरिंग
-गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र में ही हुई थी वारदात
-विवेचना के लिए सहजनवा थाने को स्थानांतिरत होगा मुकदमा
-पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को मिला 25 हजार रुपये का इनाम
———————————————-
संतकबीरनगर ।
बस्ती के मुर्गी फार्म संचालक से लूट नहीं, बल्कि रंगबाजी में फायरिंग की घटना हुई थी। गाड़ी को साइड न देने से नाराज एक आरोपी ने खुद की लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग की थी। कोतवाली खलीलाबाद और एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो आरोपियों ने घटना की यही कहानी बताई। घटना में प्रयुक्त आरोपी की लाइसेंसी रिवाल्वर, छह कारतूस और सफारी बरामद किया।
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के चैनपुरवा के रहने वाले आदित्य शुक्ला पुत्र विजय प्रकाश शुक्ला का गांव पर ही आदित्य पोल्टी फार्म है। वह मुर्गे की सप्लाई देते हैं। आदित्य शुक्ला ने 27 दिसंबर को कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को तहरीर देकर कहा कि वह 26 दिसंबर को देवरिया के भटनी में मुर्गे की सप्लाई दिए। वहां से शाम 6:10 बजे अपने पिकअप वाहन से घर के लिए चले। रात करीब साढ़े दस बजे के आस-पास सीहापार ओवर ब्रिज से लेकर खलीलाबाद के बीच उसकी गाड़ी पर सफारी गाड़ी से फायरिंग की जाने लगी। उनकी गाड़ी को रोक कर पैसा छीना गया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया। मामले के पर्दाफाश के लिए सीओ सदर अजीत चौहान की अगुवाई में कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की टीम लगाई गई। पुलिस टीम ने विवेचना से प्रकाश में आए आरोपी कमलेश सैनी निवासी कुंदवाबारी थाना बड़हलगंज जनपद गोरखपुर और अखिलेश कुमार मिश्रा निवासी नगर हरिहरपुर थाना महुली को शनिवार को इंडस्ट्रियल एरिया खलीलाबाद से गिरफ्तार किया। पुलिस ने लाइसेंसी रिवाल्वर, 06 अदद कारतूस, 01 अदद लाइसेंस (शस्त्र), 04 अदद मोबाइल, 2000 रुपये नकद व घटना में प्रयुक्त सफारी बरामद किया।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे लोग 26 दिसंबर 2024 को अपनी सफारी गाड़ी से गोरखपुर गए थे। लौटते समय सीहापार पुल के पास मुर्गी ढोने वाली पिकअप गाड़ी को ओवरटेक करना चाह रहे थे, लेकिन पिकअप चालक द्वारा साइड नहीं दिया जा रहा था। जिसकी वजह से गुस्से में आकर आरोपी अखिलेश मिश्रा ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से उक्त पिकअप पर फायर कर दिया। पिकअप के बोनट पर गोली लगी है। घटना में एक और आरोपी शामिल था। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है। पिकअप के बोनट पर जो गोली के निशान बताए गए, उसकी लैब से जांच कराई जाएगी। घटना गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र के सीहापार हाल्ट ओवर ब्रिज पर हुई है। जिसकी वजह से विवेचना के लिए मुकदमा सहजनवा थाने को स्थानांतरित की जाएगी। मामले का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने का ऐलान किया।
——————————–
लूट की घटना से मुकरा मुर्गी फार्म संचालक
एसपी सत्यजीत गुप्ता की पूछताछ में पीड़ित मुर्गी फार्म संचालक आदित्य शुक्ला खुद के साथ लूट की घटना होने से मुकर गया। उसने बताया कि सीहापार पेट्रोल पंप से थोड़ा आगे जहां से मगहर के लिए रास्ता कटा है, वहीं से सफारी सवार लोगों ने उसके पिकअप को ओवरटेक करके आगे निकलने का प्रयास शुरू किया। उसके चालक सूरज ने सफारी को आगे नहीं बढ़ने दिया। उसी से नाराज होकर सफारी के ड्राईवर के बगल सीट पर बैठे आरोपी ने सीहापार ओवर ब्रिज पर असलहे से फायर किया। घटना से वह काफी सहम गया था। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई हो, इसीलिए लूट की सूचना दे दिया। एसपी से लूट की झूठी सूचना देने की दुहाई देकर माफी मांग रहा था।
————————
सफारी के नंबर से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना के बाद पीड़ित मुर्गी फार्म संचालक आदित्य शुक्ला ने सफारी का नंबर अपनी मोबाइल में खींच लिया था। उसने ही पुलिस को सफारी का नंबर दिया था। जिसके सहारे केस दर्ज होने के 12 घंटे के भीतर ही पुलिस की टीम सफारी के मालिक का पता करके घटना में शामिल आरोपियों तक पहुंच गई। गोरखपुर जिले के खजनी क्षेत्र के रहने वाले तीसरे आरोपी की पुलिस ने सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
————————————-
दर्ज मुकदमे से हटी लूट की धारा, रिवाल्वर का लाइसेंस निरस्त कराएगी पुलिस
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि यह घटना एक रोडरेज की घटना है। लूट का होना नहीं पाया गया, सिर्फ फायरिंग की बात सामने आई। जिसकी वजह से दर्ज मुकदमे से लूट की धारा को विलोपित करते हुए हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धारा लगाई गई। आरोपी के रिवाल्वर का लाइसेंस निरस्त कराए जाने के लिए डीएम को रिपोर्ट दी जाएगी।















