20 घंटे तक शव घर पर रख पीएम रिपोर्ट की मांग पर अड़े ग्रामीण।
-पीएम के बाद बुधवार की शाम पांच बजे घर पहुंचा था शव
-पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आया है
-एसडीएम, सीओ के साथ तीन थानों की पुलिस रही मौजूद
-विधायक, पूर्व विधायक भी मौके पर पहुंच कर समझाए तब माने लोग
-शाम को आमी नदी के तिसियहवा घाट पर हुआ शव का अंतिम संस्कार
-पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
———————————————————————-
संतकबीरनगर।
बेलहर थाना क्षेत्र के भेड़ौरा-पिकौरा के बिचला टोला के रहने वाले युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद भी परिजन 20 घंटे तक घर पर रखे रहे। परिजनों और ग्रामीणों की मांग थी कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कॉपी दी जाए और आरोपियों पर कार्रवाई हो, तब शव का अंतिम संस्कार करेंगे। सूचना पर एसडीएम, सीओ के साथ तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। बाद में विधायक अनिल त्रिपाठी और पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल मौके पर पहुंचे और समझाए, तब जाकर ग्रामीण माने और तिसियहवा घाट पर आमी नदी के किनारे शाम को शव का अंतिम संस्कार किया।
भेड़ौरा-पिकौरा के बिचला टोला की रहने वाली पीड़ित मां अनीता देवी पत्नी लालचंद का आरोप है कि पांच नवंबर की रात लगभग आठ बजे उसका बेटा मोहित कुमार घर आ रहा था। रास्ते में पूजन डिलेवरी पाइप फैलाए थे। उसकी को लेकर विवाद व कहासुनी हुई। वह मौके पर समझा बुझाकर घर लौट गई। जबकि बेटा मोहित ने कहा कि मां घर चलो, मैं अभी आ रहा हूं। काफी देर तक बेटा नहीं आया तो वह घबड़ा गई और मोहित को खोजने निकली। तिसियहवा घाट शिवमंदिर के परिसर में खंभे पर कुंडी में शर्ट के सहारे मोहित लटके हुए पाए गए। उसके शोर पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। उसे आशंका है कि पूजन, राहुल, इंद्रजीत, रीना और पूजन की औरत ने मिलकर बेटे मोहित को गाली गलौज करते हुए जान से मारे होंगे। उसे इन्हीं लोगों पर संदेह है। पुलिस ने बुधवार की देर शाम तहरीर के आधार पर पूजन समेत पांच लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया था। पोस्टमार्टम के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच शाम पांच बजे शव पीड़ित के घर पहुंचा। पीड़ित परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम रिपोर्ट की कॉपी उपलब्ध कराने की मांग करने लगे। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिए। पुलिस ने रात भर समझाया, लेकिन लोग नहीं माने। गुरुवार को भी लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। सूचना पर एएसपी सुशील कुमार सिंह बेलहर थाने पर पहुंच गए। जबकि एसडीएम, सीओ के साथ ही बेलहर, बखिरा और मेंहदावल थाने के एसओ भी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम, सीओ ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग मांग पर डटे रहे।
बाद में विधायक अनिल त्रिपाठी, पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल पहुंचे और परिजनों को काफी समझाए। आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। उसके बाद परिजन और ग्रामीण मान गए। शाम तीन बजे शव का आमी नदी के किनारे अंतिम संस्कार किया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आया है। पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी थी।
————————————————–
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत की वजह हैंगिंग आया है। इस मामले में पीड़ित मां की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर पुलिस विवेचना में जुटी है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएगा, आगे वैसी कार्रवाई पुलिस करेगी। पुलिस पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
सत्यजीत गुप्ता,















