व्यापारियों ने लगाया मारपीट का आरोप किया प्रदर्शन।
गोरखपुर। सहजनवां : घघसरा नगर पंचायत के एक व्यापारी के बुधवार की सुबह चौकी प्रभारी ने बुरी तरह से पीट दिया। आरोप है कि चौकी के अलावा थाने पर भी पिटाई की गई और शांति भंग में जबरन चालान किया गया। नाराज व्यापारियों ने थाना पर खड़े होकर प्रदर्शन किए। साथ ही एसएसपी को पत्र देकर इंचार्ज और सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग हुई।
सहजनवां थाना क्षेत्र के घघसरा नगर पंचायत निवासी राजकुमार जायसवाल उर्फ राजू दुकान खोल कर व्यापार करते है। आरोप है कि बुधवार की सुबह करीब दस बजे के आसपास चौकी प्रभारी सड़क से गुजरने के दौरान दुकान के सामने गाड़ी रोक गाली देने लगे। विरोध करने पर सिपाही के साथ पकड़ कर चौकी पर ले गए और बुरी तरह से पीटा। इसके बाद बाइक पर बैठा कर थाने लाए और शांति भंग में चालान कर दिया। व्यापारी के उत्पीड़न की भनक मिलते ही व्यापारियों का हुजूम थाने पर जुट गया। थाने का घेराव करने के साथ ही जनता ने प्रदर्शन कर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर दोषी चौकी प्रभारी घघसरा और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग किए।प्रदर्शन करने वालों में छट्टू जायसवाल, रमेश चंद्र मद्धेशिया, रिंकू वर्मा, ओम प्रकाश जायसवाल, रमेश जायसवाल आदि शामिल रहे।















